राष्ट्रगीत में भला कौन वह भारत भाग्य विधाता है- रघुवीर सहाय - साहित्य विमर्श

साहित्य विमर्श

हिंदी साहित्य चर्चा

 

Hot

1 दिसंबर 2012

राष्ट्रगीत में भला कौन वह भारत भाग्य विधाता है- रघुवीर सहाय

राष्ट्रगीत में भला कौन वह
भारत-भाग्य-विधाता है
फटा सुथन्ना पहने जिसका
गुन हरचरना गाता है।

मखमल टमटम बल्लम तुरही
पगड़ी छत्र चँवर के साथ
तोप छुड़ाकर ढोल बजाकर
जय-जय कौन कराता है।


पूरब-पच्छिम से आते हैं
नंगे-बूचे नरकंकाल
सिंहासन पर बैठा, उनके
तमगे कौन लगाता है।

कौन-कौन है वह जन-गण-मन-
अधिनायक वह महाबली
डरा हुआ मन बेमन जिसका
बाजा रोज़ बजाता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें